The Jan Samachar

Jharkhand: CM हेमंत सोरेन की स्वीडन यात्रा, निवेश और साझेदारी पर केंद्रित रही चर्चा?

Jharkhand:

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने स्वीडन दौरे के दौरान वहां की अग्रणी कंपनियों को झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड न केवल खनिज संपदा से समृद्ध है, बल्कि निवेश के लिए भी एक सुरक्षित और अनुकूल माहौल प्रदान करता है। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी एवं गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन और एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद है। मुख्यमंत्री को स्वीडन के गोटेबोर्ग शहर में EVS38 और गोटेबोर्ग एबी के अधिकारियों द्वारा विशेष आमंत्रण पर बुलाया गया था। इस मौके पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संबंधों की प्रमुख मिस कैटरीना क्लास से मुलाकात की और दोनों पक्षों के बीच रणनीतिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने स्वीडन की कंपनियों से अपील की कि वे झारखंड आकर खुद यहां की संभावनाओं को समझें और राज्य के औद्योगिक विकास में भागीदार बनें। उन्होंने कहा, “हम झारखंड को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहते हैं। हमारी सरकार औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वीडन की उन्नत तकनीक और हमारे संसाधनों का मेल राज्य के विकास को गति देगा।”

झारखंड: संभावनाओं की धरती

झारखंड देश के प्रमुख खनिज संपदा-सम्पन्न राज्यों में से एक है। राज्य में पहले से ही टाटा स्टील, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल), एनटीपीसी, वेदांता रिसोर्सेज, टाटा पावर और अदाणी पावर जैसी बड़ी कंपनियां निवेश कर चुकी हैं। मुख्यमंत्री का उद्देश्य इन मौजूदा निवेशों के साथ-साथ वैश्विक साझेदारियों को भी प्रोत्साहित करना है, ताकि झारखंड एक औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर सके। सरकार की मंशा है कि निवेश के साथ-साथ राज्य के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर मिलें और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

वैश्विक मंच पर झारखंड की दस्तक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की यह यात्रा झारखंड को वैश्विक निवेश मानचित्र पर प्रमुखता दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। स्वीडन के साथ संभावित औद्योगिक सहयोग राज्य के लिए नए अवसरों का द्वार खोल सकता है।

Exit mobile version